रायगढ़। IPL फाइनल मैच के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का रायगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में की गई छापेमार कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान करीब 31.99 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और कई मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि IPL फाइनल मैच पर हार-जीत का ऑनलाइन सट्टा बड़े पैमाने पर संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गंज बाजार इलाके में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 28 वर्षीय गगन अग्रवाल और 30 वर्षीय शुभम अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार कई स्थानीय लोग नकद रकम लगाकर इस सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े हुए थे।

पूछताछ में सामने आए तीन और नाम
जांच के दौरान आरोपियों ने रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट संचालित करने की जानकारी दी। पुलिस का दावा है कि साहिल अग्रवाल सट्टे से अर्जित रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के जरिए लाभ कमाता था।

मोबाइल से मिले डिजिटल सबूत
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वनप्लस और सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में मोबाइल डिवाइस से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड, आईडी और अन्य तकनीकी साक्ष्य मिले हैं।satta-kharsh1_1780306510 (1)

पुलिस पहुंची तो बैग छोड़कर फरार हुआ आरोपी
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम गोपाल राइस मिल कॉलोनी स्थित साहिल अग्रवाल के घर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन दो बैग और नोट गिनने की मशीन वहीं छोड़ गया।

बैग से बरामद हुए 31.99 लाख रुपये
स्वतंत्र गवाहों और परिजनों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई, जिसमें विभिन्न मूल्यवर्ग के नोटों के रूप में 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

संगठित गिरोह के रूप में दर्ज हुआ मामला
प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

SSP का बयान
रायगढ़ SSP ने कहा कि "ऑपरेशन अंकुश" के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध सट्टा कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।