हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 30 वर्षीय यूट्यूबर शेख महबूब उर्फ चांदी मसूद की हत्या से सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना गोलकोंडा थाना क्षेत्र के कुमारवाड़ी इलाके में हुई, जहां कुछ लोगों ने कथित तौर पर घर में घुसकर मसूद पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया है। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मसूद जुमे की नमाज अदा कर घर लौट रहा था, तभी कुछ लोग उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि खुद को सुरक्षित रखने के लिए वह घर के अंदर चला गया, लेकिन हमलावर कथित तौर पर जबरन घर में घुस आए और उस पर कई बार हमला किया। पुलिस के मुताबिक हमले में चाकू, लोहे की रॉड और अन्य भारी वस्तुओं का इस्तेमाल किया गया, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं है।

पुलिस ने मामले में मसूद की पत्नी के भाई शेख सोहेल समेत कुछ अन्य लोगों को संदिग्ध बताया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच एजेंसियों का मानना है कि घटना का संबंध लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद से हो सकता है। मसूद ने करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से कथित तौर पर ससुराल पक्ष के कुछ लोगों के साथ उसका विवाद चल रहा था।

एडिशनल डीसीपी कृष्णा गौड़ ने बताया कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी सबूतों की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।