बुडनी से मोपका तक तटबंधों से कट रहे छोटे-बड़े पेड़, कार्यादेश में 2 और 12 माह की अवधि दर्ज

भाटापारा शाखा नहर की सफाई के लिए जारी कार्यादेश के तहत अब तटबंधों के अंदर और बाहर लगे छोटे-बड़े हरे-भरे पेड़ काटे जा रहे हैं। काम तो चल रहा है, लेकिन कटाई की मंजूरी को लेकर वन विभाग और नहर विभाग आमने-सामने नजर आ रहे हैं। मौके पर जुटे मजदूरों का कहना है कि ठेकेदार ने संबंधित विभागों से अनुमति ले रखी है। उधर, वन विभाग ने ऐसी किसी भी अनुमति के जारी होने की जानकारी से इनकार कर दिया है।

तिल्दा-नेवरा संभाग से जारी हुआ आदेश, अवधि को लेकर उलझन

नहर सफाई का यह कार्यादेश रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा स्थित कार्यालय कार्यपालन अभियंता, एमएमपी डिसनेट संभाग क्रमांक-03 की ओर से जारी किया गया है। आदेश के ब्योरे के अनुसार, खरोरा तहसील के ग्राम बुडनी से भाटापारा तहसील के ग्राम मोपका तक भाटापारा शाखा नहर के तट और तटबंधों के अंदर-बाहर उगे पेड़-पौधों की कटाई, सफाई और ढुलाई का काम होना है।

इसी कागज में काम पूरा करने की अवधि को लेकर भी उधेड़बुन बनी हुई है। आदेश में स्वीकृत दरों के आधार पर दो माह में काम निपटाने का जिक्र है, जबकि उसी पत्र में 12 माह की समयावधि भी लिखी है।

नहर विभाग का अनुमति पत्र मिला, वन मंजूरी पर स्थिति अटकी

कटाई वाले स्थल पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी विप्लव चौहान ने बताया कि दूसरे विभागों को भी अपने क्षेत्र में पेड़ काटने के लिए वन विभाग से अनुमति लेना जरूरी होता है।

विप्लव चौहान के मुताबिक, कटाई कर रहे लोगों के पास नहर विभाग का अनुमति पत्र बकायदा मौजूद है। इसके बावजूद वन विभाग की मंजूरी को लेकर कोई जानकारी खुलकर सामने नहीं आई है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उच्च अधिकारियों के स्तर से अनुमति जारी हुई होगी, तो उन्हें इसकी भनक नहीं है।

एसडीएम लेंगी जानकारी, तहसीलदार ने नहीं उठाया फोन

भाटापारा की एसडीएम श्यामा पटेल ने इस विषय में जानकारी लेने की बात कही है। नहर विभाग के एक कर्मचारी का कहना है कि इस संबंध में तहसीलदार को पत्र भेजा गया है। तहसीलदार से संपर्क करने की कोशिश भी हुई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।