रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में इस बार जनगणना का काम डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इसके तहत 25 जनवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर लोगों की जानकारी एकत्रित करेंगे। जनगणना के इस महत्वपूर्ण अभियान के लिए राज्यभर में करीब 72 हजार कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इनमें 62,102 प्रगणक और 10,667 पर्यवेक्षक शामिल हैं।

इस बार नागरिकों को स्वगणना (Self Enumeration) की सुविधा भी मिलेगी। इसके तहत लोग प्रगणकों के घर पहुंचने से पहले ही जनगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वेच्छा से दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना पूरी होने के बाद मिलने वाली विशिष्ट आईडी को प्रगणक के साथ साझा करना अनिवार्य होगा, ताकि दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।

33 जिलों के गांवों और शहरों में होगी जनगणना

जनगणना 2027 के दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों को शामिल किया जाएगा। इसके तहत प्रदेश के 19,978 गांवों और 195 नगरीय क्षेत्रों में जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए राज्य में 60,682 गणना ब्लॉक तैयार किए गए हैं।

प्रत्येक गणना ब्लॉक में औसतन 800 लोगों को शामिल किया जाएगा। जहां आबादी अधिक होगी, वहां आवश्यकता के अनुसार गणना ब्लॉक को छोटे सब-ब्लॉक में विभाजित किया जाएगा। इससे प्रगणकों को घर-घर जाकर जानकारी जुटाने में आसानी होगी और आंकड़ों को व्यवस्थित तरीके से दर्ज किया जा सकेगा।

पहले चरण में मकानों की गणना, अब जुटेंगे लोगों के आंकड़े

जनगणना 2027 के पहले चरण में मकानों की गणना और मकान सूचीकरण का काम किया गया था। अब दूसरे चरण में व्यक्तियों की गणना की जाएगी। इस दौरान लोगों से जनसांख्यिकीय, सामाजिक और आर्थिक स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जाएंगी।

प्रगणक परिवारों तक पहुंचकर प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म और जाति (Caste) सहित निर्धारित विषयों से जुड़े सवाल पूछेंगे। इन आंकड़ों का उपयोग देश और प्रदेश की जनसंख्या, सामाजिक संरचना और आर्थिक स्थिति से संबंधित योजनाओं और नीतियों को तैयार करने में किया जाएगा।

16 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगा जनगणना ऐप

इस बार जनगणना की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष डिजिटल ऐप तैयार किया गया है। यह ऐप 16 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इंटरनेट कनेक्शन नहीं होने पर भी प्रगणक इसमें ऑफलाइन जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इंटरनेट उपलब्ध होने पर दर्ज आंकड़ों को डिजिटल सिस्टम में अपडेट किया जा सकेगा।

इसके साथ ही नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। ओटीपी, पासवर्ड और एन्क्रिप्टेड डेटा को सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों की निजी जानकारी का दुरुपयोग न हो।

प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण

जनगणना का कार्य निर्धारित समयसीमा में सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनरों और जिला स्तर के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।

वहीं, फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण 2 दिसंबर से 12 दिसंबर 2026 तक जिला मुख्यालयों में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को डिजिटल ऐप के इस्तेमाल, घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करने, स्वगणना आईडी के सत्यापन और आंकड़ों को सही तरीके से दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी।

डिजिटल जनगणना से आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया होगी आसान

छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 का दूसरा चरण प्रदेश की आबादी से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। डिजिटल तकनीक, स्वगणना की सुविधा और बड़ी संख्या में कर्मचारियों की तैनाती से जनगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने की तैयारी है। अब 25 जनवरी 2027 से शुरू होने वाले घर-घर सर्वे पर सभी की नजरें रहेंगी।