कवर्धा : नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने के लिए घर से निकला राकेश कभी स्कूल नहीं पहुंच सका। रास्ते में टूटकर गिरे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार ने उसकी जिंदगी छीन ली। करंट की चपेट में आते ही मासूम ने मौके पर दम तोड़ दिया। जिस घर में बेटे की परीक्षा को लेकर उम्मीदें और सपने सजाए जा रहे थे, वहां कुछ ही देर में मातम पसर गया।

मामला कवर्धा जिले के ग्राम पंचायत मंझोली का है। जानकारी के अनुसार आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला राकेश निर्मलकर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने के लिए घर से बाइक पर निकला था। पहले वह खेत की ओर गया और वहां से स्कूल के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान रास्ते में जमीन पर टूटकर पड़ा 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार उसकी मौत का कारण बन गया। तार की चपेट में आते ही वह बुरी तरह झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

शिकायत के बाद भी नहीं जागा विभाग, ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

हादसे के बाद विद्युत विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस बिजली तार के टूटकर गिरने से यह दर्दनाक हादसा हुआ, उसकी सूचना पहले ही विभाग को दी जा चुकी थी। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते न तो तार को दुरुस्त कराया और न ही किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था की। ग्रामीणों का कहना है कि अगर शिकायत को गंभीरता से लिया गया होता तो आज एक मासूम की जान नहीं जाती।

चार घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा छात्र का शव, परिजन अड़े

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत से बदहवास परिजनों ने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने और उचित मुआवजा देने की मांग रखी। अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने और मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। देखते ही देखते ग्रामीण भी उनके समर्थन में उतर आए और चक्काजाम कर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब चार घंटे तक छात्र का शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा।

पुलिस पहुंची, लेकिन नहीं थमा ग्रामीणों का आक्रोश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति संभालने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना है कि जब तक विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते और उचित मुआवजे को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे।