
रायगढ़ : जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। खरसिया के रानीसागर इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार युवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती उछलकर सड़क पर जा गिरी। गंभीर चोटें आने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि संभलने का नहीं मिला मौका
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार खरसिया के रानीसागर इलाके में युवती स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जोरदार टक्कर लगते ही युवती सड़क पर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
गुस्साए लोगों ने सड़क पर खड़ी की बाइक, थम गई वाहनों की रफ्तार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सड़क के बीच बाइक खड़ी कर चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतका का शव उठाने से भी इनकार कर दिया। उनका विरोध इतना बढ़ गया कि मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगने से राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चालक फरार, पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
समझाइश में जुटी पुलिस, शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा
फिलहाल पुलिस आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त कराने का प्रयास कर रही है। ग्रामीणों के विरोध के चलते शव को घटनास्थल से नहीं उठाया जा सका है। चक्काजाम समाप्त होने के बाद पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजेगी। फिलहाल रानीसागर इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और मार्ग पर आवागमन बाधित है।
