रायपुर, दुर्ग-भिलाई व धमतरी में ईडी की दबिश, नकदी नहीं मिली पर अफसरों और होटल कारोबारी के मोबाइल-लैपटॉप जब्त

छत्तीसगढ़ की सरकारी शराब दुकानों में कर्मचारियों की तैनाती और सुविधाओं के नाम पर हुए 182.98 करोड़ रुपये के भुगतान की जांच अब राज्य के बाहर तक पहुंच गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पड़ताल में मुंबई से आंगड़िया के जरिए हैदराबाद तक 60 से 70 करोड़ रुपये भेजने और बेंगलुरु में कथित निवेश के आरोप सामने आए हैं। एजेंसी अब कथित हवाला और निवेश नेटवर्क के जरिए इस रकम के असली लाभार्थियों की पहचान में जुटी है।

मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े इस मामले में ईडी ने शुक्रवार को रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी के अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। तलाशी में धमतरी की अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह, जेल एवं होमगार्ड विभाग के वित्त सहायक राजेंद्र सिंह और होटल कारोबारी रोहन कुकरेनिया से जुड़े परिसर शामिल रहे। कहीं से नकदी हाथ नहीं लगी। इसके बावजूद टीम ने एंड्रॉयड फोन, आईफोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं।

रुद्री बंगले में 14 घंटे चली तलाशी, डिजिटल साक्ष्य की फोरेंसिक जांच

धमतरी के रुद्री स्थित अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के सरकारी बंगले में ईडी टीम करीब 14 घंटे डटी रही। रायपुर में वित्त सहायक राजेंद्र सिंह के निवास पर लगभग तीन घंटे तलाशी चली। होटल कारोबारी रोहन कुकरेनिया के बंगले और होटल में भी छानबीन हुई।

नकदी न मिलने के बाद जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। ईडी इनमें मौजूद डेटा खंगाल रही है, ताकि कथित वित्तीय लेनदेन, कमीशन के बंटवारे और रकम भेजने के माध्यम का ब्योरा मिल सके। एजेंसी डिजिटल साक्ष्य से कड़ी दर कड़ी जोड़कर देख रही है कि पैसा किन लोगों तक पहुंचा।

पांच एजेंसियों का हिसाब-किताब और टेंडर में हेरफेर के आरोप

ईडी ने यह नई ईसीआईआर (ECIR) एसईओआई-एसीबी की जांच के आधार पर दर्ज की है। इसमें वर्ष 2019 से 2023 के बीच शराब दुकानों में कर्मचारी देने वाली पांच मैनपावर एजेंसियों को हुए भुगतान की जांच हो रही है। इनमें सुमित फैसिलिटीज, प्राइमवन वर्कफोर्स, ए-टू-जेड इन्फ्रासर्विसेज, अलर्ट कमांडोज और ईगल हंटर सॉल्यूशन शामिल हैं। आरोप है कि ओवरटाइम, बोनस, चार अतिरिक्त कार्य दिवस और सेवा शुल्क के नाम पर रकम जारी हुई, पर कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिला। एजेंसी भुगतान प्रक्रिया के साथ रकम के वास्तविक इस्तेमाल की भी जांच कर रही है।

कमीशन, अतिरिक्त भुगतान और अफसरों-कारोबारियों पर आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के तत्कालीन प्रबंध संचालक अरुणपति त्रिपाठी पर टेंडर की शर्तों में कथित हेरफेर कर मैनपावर एजेंसियों को लाभ पहुंचाने का आरोप है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक त्रिपाठी फिलहाल जमानत पर हैं।

अनवर ढेबर तक 28 से 32 करोड़ रुपये पहुंचाने का आरोप भी जांच का हिस्सा है। सिद्धार्थ सिंघानिया पर प्रतिमाह 70 से 80 लाख रुपये की कथित वसूली का आरोप है। जांच में बीआर लोहिया से संबंधित कंपनियों को 48.08 करोड़ रुपये के अतिरिक्त भुगतान की बात भी सामने आई है। बीआर लोहिया के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।